टाइम्स ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव में बोले योगी आदित्यनाथ, नौ वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं; कानून व्यवस्था, निवेश, कृषि, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव का किया दावा
लखनऊ, 14 मई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश नीति, नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में अब विकास, सुरक्षा, रोजगार, कृषि विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए मॉडल देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी 75 जनपदों में समान रूप से विकास हो रहा है।मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ में द टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ‘डिफाइनिंग 09 ईयर्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन : प्रगति से समृद्धि की ओर, उत्तर प्रदेश अग्रणीÓ कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को उत्तर प्रदेश की नौ वर्षों की विकास यात्रा से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकासÓ है और सरकार भ्रष्टाचार एवं भ्रष्टाचारियों के साथ-साथ अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश को “प्रश्न प्रदेश” कहा जाने लगा था। युवाओं के सामने पहचान का संकट था, व्यापारी पलायन कर रहे थे, किसान आत्महत्या कर रहे थे और त्योहारों से पहले तनाव का माहौल बन जाता था। लेकिन डबल इंजन सरकार बनने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर प्रदेश को नई दिशा देने का प्रयास किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा अपने पास रखता है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रहा है, जहां आगामी 15 जून से वायु सेवा शुरू होगी। यहां भारत का पहला एमआरओ तथा बड़ा लॉजिस्टिक हब भी विकसित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है, जबकि भारत की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ के बीच चल रही है। वाराणसी से हल्दिया तक इनलैंड वॉटर-वे शुरू होने से व्यापार और परिवहन को नई गति मिली है।कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कृषि विकास दर आठ प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई है। किसानों को बेहतर बीज, तकनीक और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लगभग 50 लाख हेक्टेयर भूमि को नहरों और ट्यूबवेल के माध्यम से नि:शुल्क सिंचाई सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 121 चीनी मिलों के माध्यम से इस वर्ष 92 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर को नई ऊर्जा मिली है और लगभग 96 लाख इकाइयां प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं, जिससे करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि लगभग 65 लाख युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हुआ है।पेपर लीक और नकल माफियाओं पर सख्त रुख अपनाने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश उन राज्यों में शामिल है, जहां पर्चा लीक को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में लाकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान किया गया है। सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति जब्त करने तक की कार्रवाई करेगी।पर्यटन क्षेत्र को प्रदेश की नई ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में लगभग 156 करोड़ पर्यटक आए। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। पर्यटन से होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.2 लाख रुपये से अधिक हो गई है, जबकि प्रदेश की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में 65 लाख गरीबों को आवास, 2.61 करोड़ घरों में शौचालय, 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन और 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।मुख्यमंत्री ने देशहित में सामूहिक सोच की आवश्यकता पर बल देते हुए लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट के समय देशहित को सर्वोपरि रखते हुए संसाधनों का संयमित उपयोग और सामूहिक प्रयास ही भारत को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे।कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, टाइम्स ऑफ इंडिया के रेजीडेंट एडिटर प्रवीण कुमार, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के ब्रांच हेड अभिषेक श्रीवास्तव और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

