टाइम्स नाउ नवभारत के ‘नवनिर्माण मंचÓ में बोले उप मुख्यमंत्री, कहा— यह केवल सड़क नहीं, विकास और निवेश का नया आधार
लखनऊ( आरएनएस ), 14 मई। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश, रोजगार और महासमृद्धि की दिशा में आगे ले जाने वाला परिवर्तनकारी महामार्ग साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ आने वाले समय में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने में मिलेगा।उप मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ स्थित होटल द सेन्ट्रम में टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आयोजित ‘नवनिर्माण मंच – गंगा एक्सप्रेसवे : उत्तर प्रदेश प्रगति का महामार्गÓ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य “विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।कार्यक्रम के विषय “महामार्ग से महासमृद्धि” पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार “विरासत भी, विकास भी” की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार एक ओर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने कहा कि आज वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित में किए गए आह्वान को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री की सोच में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और भारत सदैव “विश्व बंधुत्व” तथा “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना का समर्थक रहा है।उप मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि आधी आबादी की सक्रिय भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होता है।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वहां पहुंचकर देश की सांस्कृतिक विरासत और आस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। यह देश की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश है।लोकतांत्रिक मूल्यों पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार न्याय, लोकतंत्र और सम्मानजनक संवाद की पक्षधर है। लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और सकारात्मक राजनीति की अहम भूमिका होती है और सरकार विपक्षी दलों के प्रति भी सम्मानजनक व्यवहार की पक्षधर है।उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को देश की विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

