लखनऊ( आरएनएस ), 14 मई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में कुक्कुट विकास को प्रोत्साहन देने तथा अंडा एवं कुक्कुट मांस उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चालू वित्तीय वर्ष में 6 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस संबंध में पशुधन विभाग द्वारा शासनादेश जारी कर दिया गया है।सरकार का यह निर्णय प्रदेश में कुक्कुट पालन को बढ़ावा देने, ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन करने और पशुपालकों व उद्यमियों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। योजना के तहत अंडा और कुक्कुट मांस उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न जनपदों में आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।शासनादेश में निदेशक, प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया है कि स्वीकृत धनराशि का आहरण और व्यय अनुमोदित कार्ययोजना एवं निर्धारित मदों के अनुसार किया जाए। इसके साथ ही योजना के लिए तय गाइडलाइन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने और उपयोगिता प्रमाण-पत्र सहित व्यय का पूरा विवरण शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल उसी उद्देश्य के लिए किया जाएगा, जिसके लिए इसे मंजूरी दी गई है। धनराशि का आवंटन और हस्तांतरण संबंधित जनपदों को उनकी मांग और आवश्यकता के अनुरूप नियमानुसार किया जाएगा। साथ ही विभाग को समय-समय पर योजना की प्रगति से शासन को अवगत कराना होगा।योजना के अंतर्गत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक अथवा डाकघर खातों में भेजी जाएगी। किसी भी स्थिति में सब्सिडी का भुगतान नकद नहीं किया जाएगा। इसके अलावा चयनित लाभार्थियों की सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।प्रदेश सरकार का मानना है कि कुक्कुट क्षेत्र में निवेश और प्रोत्साहन से न केवल पोषण सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्राप्त होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

