प्रधानमंत्री की अपील और मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप उठाया कदम, सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आने का लिया संकल्प
लखनऊ,( आरएनएस ) 14 मई। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपेक्षाओं के अनुरूप गुरुवार को एक अनूठी पहल करते हुए अपने सरकारी आवास से विधानसभा स्थित कार्यालय तक साइकिल से पहुंचकर ईंधन बचत का संदेश दिया।वित्त मंत्री 10, कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह केवल प्रतीकात्मक संदेश नहीं दे रहे हैं, बल्कि इसे नियमित आदत बनाने की दिशा में भी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वह प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन कार्यालय आने-जाने के लिए साइकिल का प्रयोग करेंगे।सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि डीजल और पेट्रोल जैसे ईंधनों की बचत करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी आवश्यकता का लगभग 85 से 86 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पाद विदेशों से आयात करना पड़ता है, जिस पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में ईंधन की बचत देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक चुनौतियों के बीच ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। ऐसे समय में नागरिकों को ईंधन के न्यूनतम उपयोग और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने की दिशा में आगे आना चाहिए।वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग यथासंभव साइकिल, सार्वजनिक परिवहन और साझा वाहनों (कार पूलिंग) का उपयोग करें। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक रूप से देशहित में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

