नीट पेपर लीक के दोषियों पर सरकार से कार्रवाई की मांग
प्रयागराज 14 मई (आरएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रयाग महानगर इकाई ने गुरुवार को नीट-यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। कटरा चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का पुतला फूंका और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बार-बार हो रही गड़बडिय़ां लाखों छात्रों के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। परिषद ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की, ताकि छात्रों का विश्वास बना रहे।
एबीवीपी प्रयाग महानगर के महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा “सूरज” ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने जोर दिया कि विद्यार्थी पूरे वर्ष कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा रद्द होने या गड़बड़ी सामने आने से उनकी मेहनत व्यर्थ हो जाती है।
मिश्रा ने आगे कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पहले से ही परीक्षाओं को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग करती रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में व्यापक संरचनात्मक सुधार करने और निजी एजेंसियों पर निर्भरता कम करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस प्रदर्शन में अमन, अभिनव, राहुल, अंबुज, सौरव, कुंजन, ऋषि और आशुतोष सहित विद्यार्थी परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। छात्रों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपनी मांग दोहराई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

