यूपीपीएससी के अध्यक्ष ने भी किया भ्रमण
प्रयागराज 14 मई (आरएनएस)। इलाहाबाद संग्रहालय में दिव्यांगजन बच्चों हेतु निर्मित ‘अनुभव वीथिकाÓ का आज रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं कुलाधिपति जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत द्वारा भ्रमण एवं अवलोकन किया गया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने वीथिका के उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा वहां स्थापित 11 प्रमुख विरासत स्थलों एवं 10 वन्यजीवों की प्रतिकृतियों का अवलोकन किया। इन प्रतिकृतियों को ब्रेल लिपि, श्रव्य उपकरणों एवं स्पर्श आधारित तकनीकों के उपयोग से विशेष रूप से विकसित किया गया है, ताकि दिव्यांगजन बच्चे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को अनुभवात्मक रूप से समझ सकें।
भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त एवं निदेशक, इलाहाबाद संग्रहालय, श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए संग्रहालय की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक महत्व एवं यहां संरक्षित विविध संग्रहों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज को संग्रहालय के लघु चित्र संग्रह से लगभग 19वीं शताब्दी की राजस्थानी शैली में निर्मित ‘राम विवाहÓ चित्र भेंट किया गया। इसी क्रम में संग्रहालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र हिमांशु द्वारा गायन प्रस्तुति दी गई, जिसकी सराहना संजय श्रीनेत द्वारा की गई। अपने संबोधन में उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि दृढ़ता, इच्छाशक्ति एवं निरंतरता ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजू मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपनिदेशक, प्रयागराज मंडल, अभय कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार गौतम तथा इलाहाबाद संग्रहालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा। उल्लेखनीय है कि ‘अनुभव वीथिकाÓ का उद्घाटन गत 6 मई को उत्तर प्रदेश की माननीया राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया था तथा यह वीथिका 16 मई तक संचालित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

