महासमुंद, 15 मई (आरएनएस)। महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बाघामुड़ा में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसके बाद पूरे घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा घर जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरते ही घर में रखे सामान ने आग पकड़ ली और धीरे-धीरे आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दमकल गाड़ी के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। प्रज्ञानंद देवांगन मोटरसाइकिल बैग बनाने का काम करते हैं और उनके काम से जुड़ा पूरा सामान भी आग में जलकर खाक हो गया। घटना के समय घर में प्रज्ञानंद देवांगन सहित परिवार के कुल 5 सदस्य मौजूद थे। आग की चपेट में आने से उनकी पत्नी नंदनी झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

