मेरठ 15 मई (आरएनएस)। शुक्रवार को दिन निकले दौराला थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से नाराज बाप ने चाकू से ताबड़तोड़ वार करके बेटी को लहूलुहान कर दिया। घटना के चलते गांव में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी बाप को हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रुहासा गांव निवासी अल्ताफ कुरैशी की 18 वर्षीय बेटी तैयबा उर्फ साहिबा का गांव के ही रहने वाले एक युवक से पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि अल्ताफ इस रिश्ते के खिलाफ था। जिसके चलते वह कई बार बेटी को प्रेमी से मिलने के लिए मना कर चुका था। दो-तीन दिन पहले तैयबा अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई।
शुक्रवार की सुबह करीब 6:00 बजे तैयबा घर वापस लौटी। इसके बाद गुस्साए अल्ताफ ने चाकू लेकर बेटी तैयबा पर हमला बोल दिया। अल्ताफ ने तैयबा के सीने, हाथ और गाल पर ताबड़तोड़ कई वार करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के चलते घर में मौजूद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों द्वारा घायल तैयबा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। उधर, पुलिस ने आरोपी अल्ताफ को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

