लखनऊ, 15 मई (आरएनएस ) राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुँचा पति ही उसकी हत्या का आरोपी निकला। पुलिस की पूछताछ में पति ने प्रेम प्रसंग के शक में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और शव को इंदिरा डैम के किनारे फेंकने की बात कबूल कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।थाना प्रभारी चिनहट के अनुसार, गुरुवार 14 मई को अल्ताफ उर्फ कल्लू पुत्र मोहम्मद शईद निवासी शफी नगर, रुदौली, जनपद बाराबंकी, हाल पता रामलीला मैदान के पास, थाना चिनहट, लखनऊ ने थाना चिनहट में अपनी पत्नी यासमीन (24) की गुमशुदगी के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पति से गहन पूछताछ शुरू की।पूछताछ के दौरान अल्ताफ उर्फ कल्लू ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के एक करीबी रिश्तेदार के साथ प्रेम संबंध होने का शक था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी के मुताबिक, इसी विवाद के चलते 4 मई 2026 की रात करीब दो बजे उसने गुस्से में आकर पत्नी यासमीन का गला दबाकर हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की योजना बनाई और सुबह करीब पांच बजे बैटरी रिक्शा में शव लादकर इंदिरा डैम के किनारे, जगौर क्षेत्र, थाना बीबीडी के अंतर्गत फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर थाना बीबीडी पुलिस ने मौके से शव बरामद कर लिया है।घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

