लखनऊ 15 मई (आरएनएस ) राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश की लेसा शाखा ने विद्युत वितरण व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भेजा। संगठन ने वितरण परिवर्तकों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, अवर अभियंताओं एवं प्रोन्नत अभियंताओं के विरुद्ध हो रही दंडात्मक कार्यवाहियों तथा विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन में आ रही कठिनाइयों को प्रमुख मुद्दा बताया।संगठन का कहना है कि वर्तमान में पर्याप्त संसाधनों, सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक मानव बल की कमी के बावजूद विद्युत व्यवस्था का संचालन कराया जा रहा है। इससे वितरण परिवर्तकों के खराब होने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है, साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि विद्युत कर्मचारियों और अवर अभियंताओं के विरुद्ध बिना समुचित जांच के दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष का माहौल है। संगठन ने ऐसी कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।ज्ञापन में जले हुए वितरण परिवर्तकों की मौके पर ही मरम्मत के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाओं की व्यवस्था करने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा आधुनिक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। संगठन का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।इसके अलावा विद्युत उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण कार्यों के लिए पर्याप्त एवं प्रशिक्षित मानव बल उपलब्ध कराने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन ने अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने और क्षेत्रीय स्तर पर व्यवहारिक कार्य व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने प्रबंधन और शासन से सकारात्मक तथा व्यवहारिक निर्णय लेते हुए अभियंता संवर्ग के हितों की रक्षा करने की मांग की।इस दौरान संगठन के मध्यांचल अध्यक्ष डी.के. प्रजापति, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप मौर्य, लेसा ट्रांस गोमती शाखा के अध्यक्ष चन्द्रशेखर, सचिव एस.के. विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में अवर अभियंता और प्रोन्नत अभियंता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

