लखनऊ, 15 मई (आरएनएस ) कपूरथला उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों में 16 मई को विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। विद्युत विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 33/11 उपकेंद्र कपूरथला के अंतर्गत विभिन्न वितरण परिवर्तकों में डीटी मीटर लगाने तथा अनुरक्षण कार्य प्रस्तावित है, जिसके कारण कुछ क्षेत्रों में निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।विभाग के अनुसार, 11 केवी एलडीए, एचआईजी, महानगर, इंडियन आयल एवं कपूरथला पोषक लाइनों पर कार्य कराया जाएगा। इस कारण 16 मई 2026 को प्रात: 11 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहने की संभावना है।विद्युत विभाग ने बताया कि इस दौरान एलडीए मार्केट, सेक्टर-बी अलीगंज, एचआईजी कॉलोनी, एकता पार्क, शताब्दी पार्क, बिंदिया टोला, मिर्जा बाग, चंद्रलोक, शेखापुर, रविन्द्र गार्डन, सेक्टर-एफ महानगर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित होगी। विभाग के अनुसार लगभग 535 उपभोक्ताओं पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आवश्यक अनुरक्षण कार्य के चलते यह अस्थायी असुविधा होगी, जिससे भविष्य में बेहतर और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए नागरिकों से बिजली की बचत करने की भी अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

