लखनऊ 15 मई (आरएनएस ),चिनहट थाना पुलिस ने बैंक में नकली नोट जमा करने के मामले में नामजद एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा की चिनहट शाखा में 33 हजार रुपये जमा करने पहुंचा था, जहां जांच के दौरान 500 रुपये के 14 नकली नोट मिलने पर बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बरामद नकदी के संबंध में जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, थाना चिनहट में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 258/26 धारा 179 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत नामजद आरोपी सौरभ कुमार शुक्ला पुत्र हरिपाल शुक्ला निवासी ग्राम शुक्लनपुरवा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।पुलिस ने बताया कि 14 मई 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा चिनहट शाखा के शाखा प्रबंधक सुमित सिंह द्वारा थाना चिनहट में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि देवा रोड स्थित सिराज कॉम्प्लेक्स में संचालित बैंक शाखा में सौरभ कुमार शुक्ला 33 हजार रुपये जमा करने आया था। जांच के दौरान जमा की जा रही राशि में 500-500 रुपये के 14 नकली नोट पाए गए, जिनकी कुल कीमत 7 हजार रुपये थी। इसके बाद बैंक प्रबंधन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे नकली नोटों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से कुल 2 लाख 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इतनी बड़ी नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके चलते अन्य बरामद रकम और नकली नोटों के स्रोत की जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 हजार रुपये के 14 नकली नोट, 26 हजार रुपये शेष नकद राशि तथा जामा तलाशी में 2 लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कपिल कुमार द्वारा की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों और जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार राय, अभिषेक तिवारी, विशाल यादव, कपिल कुमार तथा आरक्षी विनय शुक्ला शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

