लखनऊ 15 मई (आरएनएस ),राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचा पति ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इंदिरा डैम के किनारे से महिला का शव बरामद कर लिया है। मामले में पति समेत उसके परिवार के छह लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को अल्ताफ उर्फ कल्लू पुत्र सईद निवासी सफीनगर, रुदौली, जनपद अयोध्या द्वारा थाना चिनहट में अपनी पत्नी याशमीन (24 वर्ष) की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक तेज शुक्ला को सौंपी गई।जांच के दौरान जब पुलिस ने पति अल्ताफ से विस्तार से पूछताछ की तो उसके बयान संदिग्ध लगे। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आरोपी टूट गया और उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसने याशमीन का गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को इंदिरा डैम के किनारे, जुग्गौर क्षेत्र में फेंक दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना बीबीडी क्षेत्र में इंदिरा डैम के किनारे से मृतका का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।मामले में मृतका के पिता मोहम्मद सईद पुत्र अली अहमद निवासी पुराना डाकघर, कसगर मोहल्ला, चिनहट की तहरीर पर थाना चिनहट में मुकदमा अपराध संख्या 259/26 धारा 103(1) और 191(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि याशमीन की हत्या उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर की है।पुलिस ने मामले में आरोपी पति अल्ताफ उर्फ कल्लू के अलावा उसकी मां, बहन सना, भाई रहमान, भाभी रूबीना तथा अरशद को नामजद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य आरोपियों की घटना में संलिप्तता की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी अल्ताफ उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ जारी है।पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी अल्ताफ के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चिनहट थाना में चोरी एवं अन्य अपराधों से जुड़े दो मुकदमे तथा गाजीपुर थाना में लूट और चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज होना सामने आया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी अन्य थानों और जनपदों से भी जुटा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

