लखनऊ, 15 मई (आरएनएस )राजधानी लखनऊ के गुडम्बा क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, उसकी निजी तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देने तथा रुपये और लैपटॉप हड़पने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध युवती ने वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे कुर्सी रोड स्थित बेहटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, पीडि़ता द्वारा 27 सितम्बर 2025 को थाना गुडम्बा में मुकदमा अपराध संख्या 403/2025 धारा 69, 316(2) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया गया था। युवती का आरोप था कि आरोपी गौरव वर्मा ने उससे शादी का वादा कर विश्वास में लिया और बाद में शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती की तस्वीरें भी अपने पास रख लीं और उन्हें प्रसारित करने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाता रहा।पीडि़ता ने तहरीर में आरोप लगाया था कि आरोपी ने उससे 10 हजार रुपये और एक लैपटॉप भी ले लिया। जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया और अपना लैपटॉप वापस मांगा, तब आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 15 मई 2026 को पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर वांछित आरोपी गौरव वर्मा को कुर्सी रोड स्थित बेहटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव वर्मा पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्राम पैकरामऊ, थाना गुडम्बा में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास ग्राम कालूपुर, थाना विसंवा, जनपद सीतापुर बताया गया है। आरोपी की उम्र लगभग 25 वर्ष है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में निजी तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देकर उसे प्रताडि़त किया। साथ ही उससे नकदी और लैपटॉप लेने का भी आरोप है। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना गुडम्बा प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी अवधेश कुमार तथा आरक्षी प्रदीप कुमार सोनकर शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

