लखनऊ 15 मई (आरएनएस ),लखीमपुर खीरी के नौरंगाबाद स्थित गंगोत्री नगर में नीट परीक्षार्थी रितिक मिश्रा का शव फंदे से लटका मिलने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया।इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दूरभाष के माध्यम से रितिक मिश्रा के चाचा अनूप मिश्रा से बातचीत कर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने रितिक की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के संबंध में जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि रितिक इससे पहले दो बार नीट परीक्षा दे चुका था और इस बार उसकी परीक्षा अच्छी हुई थी। उसे चयन की पूरी उम्मीद थी, लेकिन लगातार सामने आ रही प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा निरस्त होने की खबरों से वह मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान रहने लगा था।संजय सिंह ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह केवल एक छात्र की मृत्यु नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं ने छात्रों के विश्वास को गहरी ठेस पहुंचाई है।पीडि़त परिवार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि रितिक पिछले कई दिनों से मानसिक दबाव में था। परिवार का कहना था कि परीक्षा प्रणाली को लेकर बनी अनिश्चितता और लगातार उठ रहे सवालों ने उसे भीतर तक प्रभावित किया। परिजनों ने कहा कि उन्होंने अपना इकलौता पुत्र खो दिया है और परिवार गहरे सदमे में है।अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से विभिन्न परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी सुधार नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा निरस्त होने की घटनाएं केवल शैक्षिक समस्या नहीं रह गई हैं, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय बन चुकी हैं। उनका कहना था कि लाखों विद्यार्थी कठिन परिश्रम के बाद भी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर आशंकित हैं।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।प्रतिनिधिमंडल में विनय पटेल, विनय कुमार जाटव, अवधेश मौर्य, सुधीर वर्मा, चंद्र मोहन मौर्य, अमित सिंह, अजय मौर्य, अमरीश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

