जौनपुर 17 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. द्वारा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिय़ा के साथ कार्यालय खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी से विकास योजनाओं की प्रगति एवं क्षेत्र भ्रमण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा जिस पर उनके द्वारा न तो सूचना उपलब्ध कराई जा सकी और न ही क्षेत्र भ्रमण का कोई अभिलेख प्रस्तुत किया गया। विकासखंड परिसर में प्रेरणा कैंटीन पिछले 3 सालों से बंद पाया गया, परिसर में निर्माणाधीन मीटिंग हॉल में निर्माण कार्य बंद पाया गया, इसके संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर अनभिज्ञता जाहिर की गई, विकासखंड परिसर में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। विकासखंड में कितनी बोरिंग खराब/सही है कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। मनरेगा में जॉब कार्ड व मानव दिवस के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। कार्यालय परिसर में जगह जगह गंदगी पाई गई। खंड विकास अधिकारी की गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी को खण्ड विकास अधिकारी के खिलाफ चार्ज शीट जारी करते हुए निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए। जिलाधिकारी के द्वारा एडीओ पंचायत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और आर आर सी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई जिनके द्वारा कोई संतोष जनक उत्तर नहीं दिया गया, जिन्हें कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। एडीओ आईएसबी द्वारा भी विभागीय योजनाओं के संबंध में संतोषजनक जानकारी न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके निलंबन की संस्तुति करने तथा अग्रिम आदेश तक वेतन बाधित किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में शिथिलता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। खंड विकास अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

