राजनांदगांव, 15 मई (आरएनएस)। गांव की गलियों में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक आखिरकार सोमनी पुलिस के शिकंजे में आ गया, वहीं बाजार चौक में हंगामा और वाद-विवाद कर माहौल बिगाड़ रहे तीन असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर उन्हें सीधे अदालत पहुंचा दिया। राजनांदगांव जिले के थाना सोमनी पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को आम्र्स एक्ट में गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य उपद्रवियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम देवादा में एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम देवादा निवासी 32 वर्षीय दानी राम निर्मलकर पिता स्वर्गीय मंशाराम निर्मलकर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का चाकूनुमा धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। इसी दौरान सोमनी बाजार चौक में सार्वजनिक स्थान पर वाद-विवाद कर माहौल खराब कर रहे तीन युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में खपरीकला बजरंग चौक ओपी अंजोरा थाना पुलगांव जिला दुर्ग निवासी 27 वर्षीय गजेन्द्र निषाद पिता स्वर्गीय कमल कुमार निषाद, 24 वर्षीय आशिष यादव पिता जालेश्वर यादव तथा मान चौक अंजोरा थाना सोमनी निवासी 26 वर्षीय खोमू साहू पिता शौफलाल साहू शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर माननीय एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बहरहाल, सोमनी पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि हथियार के दम पर दहशत फैलाने और सार्वजनिक जगहों पर उपद्रव मचाने वालों को अब सीधे कानून का सामना करना पड़ेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

