-ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे उद्यान विभाग के उपनिदेशक, कर्मचारियों ने साइकिल से तय की लंबी दूरी
-ईंधन बचत को लेकर उद्यान विभाग की पहल, शुक्रवार रहेगा ‘नो व्हीकल डेÓ
-13 से 19 किलोमीटर साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे कर्मचारी, दिया ईंधन बचत का संदेश
अयोध्या 15 मई (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गई अपील का असर अब अयोध्या मंडल के सरकारी कार्यालयों में भी दिखाई देने लगा है। उद्यान विभाग अयोध्या मंडल के उपनिदेशक कार्यालय में “नो व्हीकल डे” की पहल शुरू की गई है, जिसके तहत अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक परिवहन, साइकिल और पैदल कार्यालय पहुंच रहे हैं।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक अयोध्या अनूप कुमार चतुर्वेदी शुक्रवार को अपने आवास से ई-रिक्शा के माध्यम से कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को “नो व्हीकल डे” घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निजी वाहनों का कम से कम प्रयोग करें तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। उपनिदेशक की पहल का असर कर्मचारियों में भी देखने को मिला। कर्मचारी अभिषेक 13 किलोमीटर साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह शासन और विभागीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं तथा ईंधन बचत अभियान में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। वहीं कर्मचारी अवधेश भी 19 किलोमीटर साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल से बड़े बदलाव संभव हैं और सभी लोगों को इस अभियान से जुडऩा चाहिए। उपनिदेशक अनूप कुमार चतुर्वेदी ने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पैदल चलें, साइकिल का प्रयोग करें और सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

