-अब हार्मोन रोगों का मिलेगा विशेषज्ञ उपचार
अयोध्या ,16 मई (आरएनएस)। राजकीय मेडिकल कॉलेज अयोध्या में एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. विमलेश वर्मा, वीरेंद्र वर्मा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। नई ओपीडी के शुरू होने से अब मधुमेह, थायरॉयड, मोटापा, हार्मोन डिसऑर्डर, पिट्यूटरी ग्रंथि संबंधी रोग, अनियमित पीरियड्स, हड्डी एवं मिनरल डिजीज, पोस्ट-मेनोपॉजल ऑस्टियोपोरोसिस, बच्चों की ग्रोथ समस्या, गैलेक्टोरिया, गाइनेकोमेस्टिया तथा मेटाबोलिक सिंड्रोम जैसे एंडोक्राइन रोगों का विशेषज्ञ उपचार मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध हो सकेगा। सहायक प्रोफेसर डॉ. आदर्श कुमार सोनकर ने बताया कि वर्तमान समय में हार्मोन संबंधी रोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब तक मरीजों को उपचार के लिए बड़े संस्थानों में रेफर करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती थी। एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी शुरू होने से रोगियों को शीघ्र निदान एवं समुचित उपचार की सुविधा मिलेगी तथा अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रूप से ओपीडी का संचालन सप्ताह में दो दिन बुधवार एवं शनिवार को किया जाएगा। भविष्य में रोगी भार एवं संस्थागत आवश्यकता के अनुसार इस सेवा का विस्तार भी किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

