अयोध्या ,16 मई (आरएनएस)। जनपद के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर माफी के पास अयोध्या-कैंट प्रयागराज रेलखंड पर शनिवार सुबह एक 52 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का रक्तरंजित शव मिला। मृतक का सिर फटा हुआ था तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी ट्रेन का यात्री था और रात में चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सुबह रेल ट्रैक की ओर नित्य क्रिया के लिए गए ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना ग्राम प्रधान मुकेश निषाद को दी। प्रधान द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

