लखनऊ/वाराणसी,16 मई (आरएनएस)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में नगर विकास और ऊर्जा विभाग की अलग-अलग समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर से जुड़े सभी विकास कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क, नाली, दीवारों की पेंटिंग, पार्कों का रखरखाव, पार्कों का सौंदर्यीकरण, इंटरलॉकिंग और सड़क किनारे सुंदरीकरण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर विकास से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।नगर विकास मंत्री ने 15 मई की रात नगर आयुक्त के साथ वाराणसी शहर का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालियों, सौंदर्यीकरण कार्यों और दीवारों की पेंटिंग का जायजा लिया। कई स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर मिले, जहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने कार्यों को संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण बताया।मंत्री ने बारिश से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़ा-कचरा जमा न होने पाए और पूरे वाराणसी में साफ-सफाई अभियान पूरी सक्रियता से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बनारसवासियों के सहयोग और बेहतर कार्यों के बल पर इस बार वाराणसी को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने का प्रयास किया जाए।ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, ट्रांसमिशन लाइन की मजबूती और बिजली संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत उपकेंद्रों पर बैठकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएं और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

