हरिद्वार,16 मई (आरएनएस)। श्यामपुर की पीली पड़ाव ग्राम पंचायत में बंदोबस्त प्रक्रिया के विरोध में किसानों और खातेदारों का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्राम पंचायत भवन परिसर में ब्रह्मा देवता पीपल वृक्ष के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि उनकी आपत्तियों और सुझावों को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से बंदोबस्त प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में वर्ष 1980 से 1990 के बीच चकबंदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में दोबारा शुरू की जा रही बंदोबस्त प्रक्रिया को लेकर लोगों में असमंजस और असंतोष बना हुआ है। कई ग्रामीणों ने भविष्य में चकबंदी की आशंका जताते हुए कृषि भूमि और खातेदारी को लेकर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और व्यापक वार्ता नहीं की गई है। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में सकारात्मक समाधान की आवश्यकता बताई। धरने में ग्राम प्रधान शशि पाल सिंह झंडवाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

