प्रयागराज 18 मई (आरएनएस ) सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. लोहिया रोड स्थित निओ हाइट्स अपार्टमेंट के मुख्य गेट पर बुलडोजर चलाया। आरोप है कि अपार्टमेंट की ओर से सड़क पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया गया था।
बताया जा रहा है कि पीडीए की टीम ने निर्धारित मानकों के विपरीत किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मुख्य द्वार समेत सड़क पर किए गए अन्य अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया। पीडीए अधिकारियों के अनुसार शहर में अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और पीडीए की टीम तैनात रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस भी जारी किया गया था। पीडीए ने स्पष्ट किया है कि मास्टर प्लान और भवन मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

