परिसर के विस्तार और उच्चीकरण को योगी कैबिनेट से मिली मंजूरी
एमजी मार्ग स्थित 31314 वर्ग मीटर भूमि के पट्टे की संस्तुति
प्रयागराज 18 मई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश में आबादी के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार हो रहा है। प्रयागराज के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के लिए योगी सरकार ने एक और सौगात दी है।
राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध प्रयागराज शहर के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर के विस्तार एवं उच्चीकरण हेतु प्रदेश की योगी सरकार ने मंजूरी दे दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी प्रदान की गई। प्रयागराज मंडल के सबसे बड़े टर्शियरी लेवल के अस्पताल स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर की स्थापना सन् 1961 में की गयी थी। यहां पर समीपवर्ती जनपदों एवं सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में गंभीर मरीज उच्च स्तरीय उपचार हेतु प्रतिदिन आते हैं। इसके चिकित्सालय परिसर में चिकित्सा एवं जाँच के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक था । लेकिन इसके लिए वर्तमान में उपलब्ध चिकित्सालय परिसर के भूखण्ड में रिक्त स्थान उपलब्ध नहीं था। सरकार ने इसके लिए आवश्यक भूमि की व्यवस्था कर दी है।
जिलाधिकारी, प्रयागराज द्वारा राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज के पक्ष में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल एवं महात्?मा गाँधी मार्ग से जुडी हुई पूल्ड हाऊसिंग की भूमि स्थित मौजा नीबीबाग, परगना व तहसील सदर, जनपद प्रयागराज की नान जेड0ए0 खतौनी फसली सन् 1428 के भूखण्डो में से 31314 वर्गमीटर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में पट्टे पर दिए जाने की संस्तुति की गयी है।
इसलिए अब राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर के विस्तार/उच्चीकरण किये जाने हेतु स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल एवं महात्?मा गाँधी मार्ग से जुडी हुई पूल्ड हाऊसिंग की भूमि स्थित मौजा नीबीबाग, परगना व तहसील सदर, जनपद प्रयागराज की नान जेड0ए0 खतौनी फसली सन् 1428 के खाता संख्या-38, खाता संख्या-39 तथा खाता संख्या-44 में से रकबा 31314 वर्गमीटर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में रू0 1.00 (एक रूपये मात्र) वार्षिक किराये की दर से 90 वर्ष के लिए पट्टे पर हस्तान्तरित किया जाना है।
बाक्स
पड़ोसी जिलों और मध्यप्रदेश के मरीजों को मिलेगी सहूलियत
प्रयागराज(आरएनएस )। राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर के विस्तार/उच्चीकरण से चिकित्सीय उपचार एवं जनपद प्रयागराज व इसके निकटवर्ती जनपदों प्रतापगढ़,सुल्तानपुर,कौशाम्बी,फतेहपुर ,जौनपुर,मिर्जापुर,भदोही,बाँदा और चित्रकूट के निवासियों को उच्च स्तरीय चिकित्सीय उपचार में सहायता मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ वीके पांडे का कहना है कि बढ़ती आबादी को देखते हुए अस्पताल में एक नए ट्रामा सेंटर और पार्किंग स्थल की आवश्यकता लंबे समय से थी जो अब भूमि के मिलने से पूरी हो जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

