लखनऊ, 18 मई(आरएनएस )। राजधानी के मडिय़ांव थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भिटौली तिराहे के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए केजीएमयू भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को अपराह्न करीब 4:44 बजे थाना मडिय़ांव पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि भिटौली तिराहे के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की गई।प्रारंभिक जांच में पता चला कि यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट के संचालक विजय यादव पुत्र हनुमान प्रसाद यादव, निवासी ग्राम तरहिया थाना सैरपुर, लखनऊ, उम्र लगभग 28 वर्ष को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने विजय यादव के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल विजय यादव को तत्काल उपचार के लिए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मडिय़ांव में मु0अ0सं0 229/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस में तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वजहों और आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

