लखनऊ, 18 मई(आरएनएस )। राजधानी के गुडम्बा थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्राम मिश्रपुर के जंगल में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना गुडम्बा क्षेत्र के ग्राम मिश्रपुर के जंगल में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना गुडम्बा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।प्रभारी निरीक्षक गुडम्बा अपनी टीम तथा चौकी प्रभारी संदीप सिंह गौर अन्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान दिलीप रावत पुत्र स्वर्गीय रामसनेही रावत, निवासी बरकुरदारपुर टेढ़वा थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक युवक ने पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की है।घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम परीक्षण के लिए केजीएमयू भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

