लखनऊ, 18 मई(आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपनी व्यस्ततम दिनचर्या के बीच ‘जनता दर्शनÓ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसेवा, सुरक्षा और सुशासन सरकार का संकल्प है तथा प्रत्येक व्यक्ति की उचित समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। किसी ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस कार्रवाई, चिकित्सा सहायता, आवास, पेंशन और रोजगार से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, तो कई लोग अन्य व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को लेने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित जनपदों के अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर पीडि़तों को न्याय दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं ऐसे मामलों की निगरानी करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पीडि़तों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। जरूरतमंदों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और भूमि कब्जाने वाले भू-माफिया तथा दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष बल दिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता है और प्रशासनिक मशीनरी को संवेदनशीलता तथा तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि पीडि़त व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले।जनता दर्शन कार्यक्रम में एक भावनात्मक क्षण भी देखने को मिला, जब बिहार से आई एक महिला मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। मुख्यमंत्री जब फरियादियों से बातचीत करते हुए उनके पास पहुंचे तो उन्होंने महिला से पूछा कि वह कहां से आई हैं और उन्हें क्या परेशानी है।इस पर महिला ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए कहा, “महाराज जी प्रणाम! हम बिहार से आइल बानी। हमके कवनो दिक्कत नाही बा। बस आपके दर्शन करेके रहल, त आ गइलीं।”महिला की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया और उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए महिला को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और परिवार के सभी सदस्यों का विशेष ध्यान रखें।जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

