-पांच आरोपियों पर नामजद मुकदमा दर्ज
मिल्कीपुर-अयोध्या 18 मई (आरएनएस )। कुमारगंज थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 17 मई की रात करीब 8.45 बजे की है। पीडि़त पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम पिठला निवासी भाजपा नेता एवं शासन द्वारा नामित सभासद अनीत कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका भाई अनूप कुमार सिंह रायबरेली नेशनल हाईवे पार कर मेड जी फार्मेसी की ओर जा रहा था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे अजीत सिंह उर्फ ढऩगू, अरविंद कुमार सिंह उर्फ कप्तान, अनिल सिंह उर्फ करिया, सावन सिंह और अमन सिंह ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अनूप कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन, पर्स और नकदी भी कहीं गिर गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।तहरीर के आधार पर कुमारगंज पुलिस ने आरोपियों अजीत उर्फ ढऩगू, अरविंद कुमार सिंह उर्फ कप्तान, अनिल सिंह उर्फ करिया, सावन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल अनूप कुमार सिंह का इलाज स्थानीय सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनके दाहिने हाथ, कंधे और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल हालत स्थिर है लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि घटना की रिपोर्ट पांच लोगों के विरुद्ध दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

