प्रयागराज 18 मई (आरएनएस)। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब विद्यार्थियों को अलग- अलग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अलग आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय लिया है कि एक ही आवेदन पत्र के माध्यम से विद्यार्थी कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक स्तर पर प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं आवेदन करते समय अन्य यूजी पाठ्यक्रमों का विकल्प भी भर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को एक साथ कई पाठ्यक्रमों में अवसर प्राप्त होगा और आवेदन प्रक्रिया में समय व धन दोनों की बचत होगी।
इसी प्रकार परास्नातक में दाखिले के लिए अलग-अलग आवेदन नहीं करना होगा। राज्य विश्वविद्यालय ने कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी)-2026 तथा नियमित पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू है। विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, परास्नातक, एकीकृत एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रवेश परीक्षा के स्कोर के आधार पर दिया जाएगा, जबकि परंपरागत पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई है। वहीं नियमित एवं पारंपरिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं 30 जून तक आवेदन कर सकेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

