सोहावल-अयोध्या 18 मई (आरएनएस)। रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर गाँव निवासी तीन किशोर बालक के नदी में डूब जाने से हुई मौत पर सहानुभूति और ढाढस बंधाने के लिए आने वालों का सिलसिला जारी है। शनिवार को हुई घटना के दिन से ही दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले के सियासी नेताओं ने पीडि़तों के दरवाजे अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। सत्तारूढ़ दल से पूर्व सांसद लल्लू सिंह,बीकापुर विधायक डाक्टर अमित सिंह चौहान,भाजपा के वरिष्ठ नेता इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू,धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, रालोद नेता सुड्डू मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान सिंह आदि ने अपने समर्थकों के साथ परिवार के प्रति सहानुभूति दिखाई। विपक्षी नेताओं में सांसद अवधेश प्रसाद,राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप , हाजी फिरोज खान गब्बर, एजाज अहमद,जय सिंह यादव, दर्जनों ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख शामिल रहे। इस सम्बन्ध में पीडि़त परिवारों को शासन से मिलने वाली अहेतुक सहायता राशि के संबंध में उप जिलाधिकारी सविता ने बताया कि दैवी आपदा राहत कोष से प्रत्येक परिवार को चार लाख रुपए की सहायता अनुमन्य है। संस्तुति और उपलब्धता के लिए चेक जिलाधिकारी के पास भेजा गया है। जल्द ही परिवार को सौंप दिया जायेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

