पश्चिम मेदिनीपुर। जिले के दासपुर में पूर्व तृणमूल विधायक ममता भुइयां का बेटा कुमारेस भुइयां को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात दासपुर थाने की पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। कुमारेस भुइयां दासपुर-एक पंचायत समिति के कार्याध्यक्ष हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व विधायक का बेटा होने के कारण इलाके में उनका काफी दबदबा था। उनके खिलाफ जबरन उगाही, गड़बड़ी और अशांति फैलाने में शामिल रहने के आरोप लगाए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर पुलिस ने कुमारेस को हिरासत में लेकर थाने में लंबी पूछताछ की। इसके बाद देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कुमारेस के पिता अजीत भुइयां जिले के प्रभावशाली तृणमूल नेता और पूर्व विधायक रह चुके हैं। उनकी मां ममता भुइयां दासपुर से तीन बार विधायक रह चुकी हैं। हालांकि 2026 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया था। उनकी जगह आशिष हुडैत को टिकट दिया गया था, जिन्हें भाजपा के तपन दत्ता ने चुनाव में हरा दिया। कुमारेस पर ठेकेदारों, प्रमोटरों और व्यापारियों से उगाही करने के भी आरोप हैं। इस संबंध में दासपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया गया है कि रविवार को बालिपोता इलाके में कुमारेस के एक दुकान पर पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां बाद में गिरफ्तारी की गई। इस मामले में ममता भुइयां ने सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया, लेकिन सोमवार को फेसबुक पर लिखा कि यदि भाजपा यह सोचती है कि वह बंगाल में आकर माकपा की संस्कृति वापस लाएगी तो जो चाहे कर ले, जनता इसका प्रतिरोध करेगी।वहीं, भाजपा नेता राजू आरी ने कहा कि कुमारेस के खिलाफ कई शिकायतें हैं और इस बारे में पुलिस को पहले ही जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अदालत में जवाब देना होगा। पुलिस ने बताया सोमवार को कुमारेस को अदालत में पेश किया जाएगा।

