लखनऊ, (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश सरकार ने आजादी के बाद विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्मारक निर्माण की कार्ययोजना तैयार की है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा कई जनपदों में शहीद स्मारकों के निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है तथा अन्य प्रस्तावों पर कार्यवाही जारी है।जयवीर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी आगरा के प्रस्ताव पर वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए बहादुर सिंह की स्मृति में शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार जनपद मथुरा में कारगिल युद्ध 1999 में शहीद श्याम सुंदर बेनीवाल की स्मृति में स्मारक निर्माण का प्रस्ताव है।उन्होंने बताया कि जनपद अयोध्या के ग्राम भदौली खुर्द, विकास खंड पूरा बाजार में अमर शहीद जगदम्बा पाण्डेय द्वार एवं स्मारक निर्माण के लिए 19.13 लाख रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। वहीं, जिलाधिकारी बुलन्दशहर के प्रस्ताव पर ग्राम मांमऊ, विकास खंड शिकारपुर में वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद प्रहलाद सिंह की स्मृति में 17.32 लाख रुपये की लागत से स्मारक का निर्माण कराया जाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि युद्ध में शहीद सैनिकों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और उनके बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार यह पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में इन स्मारकों का निर्माण किया जाएगा। इससे युवा पीढ़ी शहीदों के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा प्राप्त करेगी।जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद गाजीपुर के जखनिया विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्रामसभा धामपुर में वीर अब्दुल हमीद की स्मृति में स्मारक निर्माण एवं सौंदर्यीकरण परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है।इसके अतिरिक्त जालौन जनपद में शहीद श्याम सिंह सेंगर के स्मारक स्थल के निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई है। कार्यदायी संस्था द्वारा इसके लिए निविदा प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

