लखनऊ 18 मई (आरएनएस ) संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की पॉलीटेक्निक कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए परिषद ने अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए आवेदन की समय सीमा 20 मई 2026 तक विस्तारित कर दी है।परिषद के अनुसार, पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पहले 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थियों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की मांग पर इसे बढ़ाकर 17 मई 2026 किया गया था। अब पुन: प्राप्त अनुरोधों और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए 18 मई से 20 मई 2026 तक आवेदन की अवधि को अंतिम अवसर के रूप में बढ़ाया गया है।परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए समय से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें और अंतिम समय की तकनीकी असुविधाओं से बचें। आवेदन परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं।उल्लेखनीय है कि 18 मई 2026 तक कुल 2,71,093 प्रवेश क्षमता के सापेक्ष 4.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन किया जा चुका है। यह संख्या परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों की व्यापक रुचि और तकनीकी शिक्षा के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

