लखनऊ 18 मई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट कर 9 फरवरी 2026 को राज्य विधान मंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिए गए अभिभाषण के प्रति विधान परिषद द्वारा पारित धन्यवाद प्रस्ताव औपचारिक रूप से भेंट किया।उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 16 फरवरी 2026 को सम्पन्न बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने प्रस्ताव की प्रति राज्यपाल को सौंपते हुए सदन की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की।धन्यवाद प्रस्ताव में कहा गया है कि “यह सदन राज्यपाल के अभिभाषण के लिए, जो उन्होंने राज्य विधान मंडल के एक साथ समवेत दोनों सदनों के समक्ष 9 फरवरी 2026 को दिया है, कृतज्ञतापूर्वक धन्यवाद प्रकट करता है।”इस अवसर पर सभापति ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का समग्र दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है, जो प्रदेश की प्रगति और समृद्धि के लिए मार्गदर्शक है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

