सीतापुर 18 मई (आरएनएस)। रामपुर कलां थाना क्षेत्र में सोमवार को बिसवां राजबहा नहर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव श्री सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज सरैया राजा साहब के आगे नहर में उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव की पहचान धौरहरा गांव निवासी रामकुमार के पुत्र अशोक कुमार (45) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक अशोक कुमार शनिवार दोपहर से घर से लापता थे। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका था। मृतक अपने पीछे दो पुत्र करण (20) और उत्कर्ष (12) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के बीच मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

