– स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का धरना, बोले- महीनों से काट रहे बैंक के चक्कर
सीतापुर 18 मई (आरएनएस)। पिसावां क्षेत्र में सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बंद खाते को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। मामला महोली मार्ग स्थित एसबीआई शाखा का है, जहां महिलाओं ने सुबह बैंक खुलने से पहले ही गेट पर कब्जा जमा लिया। महिलाओं का आरोप था कि 8 दिसंबर को शाखा प्रबंधक की लापरवाही अथवा साजिश के तहत उनके समूह का खाता बंद कर दिया गया, जिससे समूह की आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो गईं। उजाला स्वयं सहायता समूह की सदस्य नींबू कली ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन उनकी बात सुनने के बजाय लगातार टालमटोल कर रहा है। सुबह करीब 10 बजे जब बैंक कर्मचारी पहुंचे तो महिलाओं ने गेट पर बैठकर बैंक खुलने से रोक दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद महिलाएं गेट से हटकर किनारे बैठीं, तब करीब 11 बजे बैंक का कामकाज शुरू हो सका। मौके पर पहुंचे एडीओ आईएसबी ने बताया कि खाता गलती से बंद हुआ था और नियमों के अनुसार उसे दोबारा चालू नहीं किया जा सकता। समाधान के तौर पर नया खाता खोलकर पुरानी धनराशि उसमें ट्रांसफर करने का प्रस्ताव दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

