सीतापुर 18 मई (आरएनएस)। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 19 वर्षीय एक विवाहिता प्रेमी से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक विवाहिता का करीब एक माह पूर्व थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र निवासी युवक से प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से युवक उससे मिलने नहीं आ रहा था, जिससे नाराज होकर महिला ने यह कदम उठा लिया। सोमवार सुबह वह अपने एक वर्षीय पुत्र को घर पर छोड़कर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह युवक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिसकर्मी लगातार महिला से बातचीत करते रहे। आखिरकार पुलिस ने संबंधित युवक को मौके पर बुलाया। युवक के पहुंचते ही महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद पुलिस महिला और युवक दोनों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

