सीतापुर 18 मई (आरएनएस)। कोतवाली देहात क्षेत्र में लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शाह महोली के पास सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान छोटक्की (60) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस की कोतवाली देहात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और चालक की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम अब तक नहीं किए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

