सीतापुर 18 मई (आरएनएस)। सदरपुर थाना क्षेत्र के भयापुर गांव में रविवार रात चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य प्रसव के सिलसिले में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में मौजूद थे। सोमवार दोपहर घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक भयापुर निवासी सद्दाम अपनी भाभी को प्रसव के लिए तीन दिन पहले लखनऊ के मिश्रपुर चौराहे स्थित सिटी मेट हॉस्पिटल लेकर गए थे। परिवार के सभी लोग वहीं रुके हुए थे और घर पूरी तरह बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर की दीवार में सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने का हार, झुमकी, झाला, बाली, लॉकेट और चांदी की पायलें शामिल हैं। पीडि़त परिवार ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। सोमवार दोपहर पड़ोसियों ने दीवार में सेंध देख सद्दाम को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे और घर का हाल देखकर दंग रह गए। सूचना पर पहुंची सदरपुर पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
इनसेट
माता की चौकी में पहुंचे कलाकारों पर लाखों के जेवर उड़ाने का आरोप, मचा हड़कंप
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बट्सगंज में माता की चौकी और रात्रि जागरण के दौरान लाखों रुपये के जेवर चोरी होने से हड़कंप मच गया। पीडि़त परिवार ने कार्यक्रम में शामिल कुछ कलाकारों पर ही चोरी का आरोप लगाया है। घटना के बाद कई कलाकार मौके से फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र स्वर्गीय नरेश ने अपने घर पर माता की चौकी और जागरण का आयोजन कराया था। कार्यक्रम में अनुराग, लकी, शनि समेत कई कलाकार शामिल हुए थे। सभी के रुकने की व्यवस्था घर के अंदर एक कमरे में की गई थी। बताया जा रहा है कि देर रात राहुल की पत्नी अलमारी से गहने निकालने पहुंचीं और जल्दबाजी में चाबी वहीं छोड़ गईं। आरोप है कि इसी दौरान कमरे में मौजूद कुछ लोगों ने मौका पाकर अलमारी में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर पार कर दिए। सुबह अलमारी खुली और सामान बिखरा देख परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

