मेरठ 19 मई (आरएनएस )। सेटबैक के विरोध में शास्त्रीनगर में दो स्थानों पर चल रहा महिलाओं का धरना मंगलवार को चिलचिलाती धूप में भी जारी रहा। इस दौरान जहां सेक्टर चार की महिलाओं ने चौराहे पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं, सेक्टर दो में भी महिलाएं सड़क पर धरना देकर बैठी रहीं।
मंगलवार की सुबह शास्त्रीनगर सेक्टर तीन और चार की महिलाओं ने सेक्टर चार के चौराहे पर चल रहे धरने में हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंगलवार का दिन होने के कारण महिलाओं ने बजरंगबली से अपने व्यापार और मकान बचाने की प्रार्थना की। महिलाओं ने बताया कि बुधवार को कैंट क्षेत्र से भाजपा विधायक अमित अग्रवाल आवास विकास के अधिकारियों से मिलेंगे। उन्होंने इस मुलाकात के बाद अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद जताई।
उधर, शास्त्रीनगर सेक्टर दो में तिरंगा रोड पर चल रहा महिलाओं का धरना भी मंगलवार को जारी रहा। बताते चलें कि यहां पुलिस ने दो दिन पहले नियम विरुद्ध बताते हुए महिलाओं के सिरों से टेंट हटवा दिया था। धरना दे रही महिलाओं ने बताया कि राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई ने दोबारा से टेंट लगवाने के लिए कहा है। जिसके चलते अब वह फिर से धरना स्थल पर टेंट लगवाएंगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

