मेरठ 19 मई (आरएनएस )। दो दिन पहले रोहटा थाना क्षेत्र में दबंग युवक द्वारा बेरहमी से की गई अनुसूचित जाति की युवती की हत्या के मामले में पीडि़त परिवार से मिलने जा रहे किसान नेता पवन गुर्जर को मंगलवार को पुलिस ने उनके घर में हाउस अरेस्ट कर लिया। काफी देर चले हंगामे के बाद पवन गुर्जर ने अपने घर में ही पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
बताते चलें कि रोहटा क्षेत्र की रहने वाली अनुसूचित जाति की युवती की गांव के रहने वाले एक युवक ने बेरहमी के साथ हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव की पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाल दिया था।
हालांकि पुलिस ने एक दिन पहले ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने बताया कि मंगलवार को वह अपने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ रोहटा में पीडि़त परिवार से मिलने जा रहे थे। पवन का आरोप है कि मंगलवार की सुबह ही ब्रह्मपुरी पुलिस नूर नगर स्थित पवन के आवास पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने पवन को हाउस अरेस्ट करते हुए घर में बिठा लिया।
जानकारी मिलने के बाद संगठन के कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। बाद में पवन गुर्जर ने पुलिस को ही पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए पीडि़त परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने की मांग उठाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

