मेरठ 19 मई (आरएनएस )। बढ़ती महंगाई के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को हर मुद्दे पर नाकाम बताते हुए सपा नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, सपा विधायक अतुल प्रधान और रफीक अंसारी के साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी दर्जनों सपा कार्यकर्ताओं को लेकर नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट पहुंचे। हाथों में सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर जनता की कमर तोडऩे का काम किया है। घरेलू सिलेंडर की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर सरकार की विफलता के चलते लीक हो रहे हैं और लाखों छात्रों का भविष्य हर साल दांव पर लग रहा है।
राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में सपा कार्यकर्ताओं ने हाल ही में बढ़ाए गए पेट्रोल और डीजल के दाम तत्काल कम किए जाने की मांग की। इसी के साथ नीट परीक्षा लीक के प्रकरण में उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

