सुबह से ही लू ने बढ़ाई लोगों को परेशानी, सड़कों पर बांटा जा रहा ठंडा शरबत
मेरठ 19 मई (आरएनएस )। मेरठ में गर्मी कहर ढा रही है। मंगलवार की सुबह तेज और चमकदार धूप के साथ हुई। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा दिखाई देने लगा। जहां बीते दिन का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं आज तापमान 43 डिग्री रहा।
मई के शुरुआती दो सप्ताह बारिश और आंधी के चलते मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहा था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। इसके चलते गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिक ने दी चेतावनी
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शमीम के अनुसार फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
बीते दिन भी सुबह से ही तेज धूप निकल आई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्म हवाओं और लू जैसे हालात ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर के समय बाजारों, चौराहों और प्रमुख सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
सड़कों पर पिलाया शरबत
गर्मी से राहत देने के लिए जहां एक और स्कूली बच्चों द्वारा सड़कों पर शरबत पिलाया जा रहा है तो वहीं स्वास्थ्य विभाग की और से भी ओआरएस वितरण शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ साथ प्रशासन द्वारा भी एडवाइजरी जारी की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

