जांच के आदेश
सुल्तानपुर 19 मई (आरएनएस )। दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा में जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतक की पहचान कटघरापट्टी निवासी हरिराम उर्फ समारू पुत्र शिवदास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक का घर विद्यालय की बाउंड्री वॉल से सटा हुआ था। घर में मिट्टी डलवाने के लिए पहले स्कूल की दीवार के किनारे मिट्टी गिरवाई गई थी। जेसीबी से अधिकांश मिट्टी घर में भरवाने के बाद हरिराम बची हुई मिट्टी को दीवार के किनारे से हटा रहे थे। इसी दौरान जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए। घटना की सूचना पर एसडीएम मंजुल मयंक मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने बताया कि स्कूल की जर्जर बाउंड्री वॉल को लेकर पहले ही अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दीवार लंबे समय से जर्जर थी और कभी भी हादसे का कारण बन सकती थी। मृतक हरिराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनके 15 वर्षीय जुड़वां बेटे रामू और श्यामू, विवाहित बेटियां पूजा (26) और रूपा (19), तथा अविवाहित बेटी रूमा (15) हैं।
जिलाधिकारी इंद्रजीत ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीवार गिरने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण कार्य या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे में विद्यालय के किसी भी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

