गर्मी में राहगीरों को मिलेगी राहत
सुलतानपुर 19 मई (आरएनएस )। भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा आमजन और राहगीरों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था लगातार सुदृढ़ की जा रही है। इसी क्रम में नगर के अत्यंत व्यस्त व्यवसायिक क्षेत्र चौक घंटाघर पर मंगलवार को आरओ युक्त वाटर कूलर का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा ग्रीष्म ऋतु में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नि:शुल्क आरओ युक्त वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले पयागीपुर चौराहा (शौचालय के निकट), पर्यावरण पार्क, शाहगंज चौराहा (पुलिस चौकी के निकट), नगर पालिका गेट, जिला अस्पताल परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर, तहसील कार्यालय शौचालय के पास, विवेक नगर चौराहा तथा दीवानी न्यायालय परिसर में आरओ युक्त वाटर कूलर लगाए जा चुके हैं। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि चौक घंटाघर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यहां शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था होने से व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त नगर पालिका द्वारा बस स्टेशन आजाद पार्क के सामने, रेलवे स्टेशन गेट के बगल तथा विकास भवन गेट के पास छायादार शेड युक्त अस्थायी प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं। इन प्याऊ पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आने-जाने वाले लोगों को नि:शुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
लोकार्पण कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद दिनेश चौरसिया ने किया। कार्यक्रम में राधेश्याम सोनी, आजाद सेठ, दिलीप बरनवाल, ओम शंकर बरनवाल, राजेश माहेश्वरी, राजकुमार जायसवाल, लड्डू सोनी, अमित बरनवाल, मनोजपुरी, विनय चौरसिया, सुनील चौरसिया, प्रमोद कौशल, पवन सोनी, रितेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।+
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

