सुल्तानपुर 19 मई (आरएनएस)। जिले के चांदा कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। दलपतशाह पट्टी अमरुपुर और धौरहरा गांव में हुई इन घटनाओं में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई।
पहली घटना दलपतशाह पट्टी अमरुपुर गांव निवासी रामचंद्र यादव के घर हुई। बताया गया कि चोर जीने के सहारे घर में दाखिल हुए, कमरे की कुंडी तोड़ी और अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर सोने का हार, झुमकी, मंगलसूत्र, पायल, करधन समेत लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। परिवार को घटना की जानकारी सुबह हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दूसरी वारदात बगल के धौरहरा गांव में राम अजोर निषाद के घर हुई। यहां चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात के साथ 12 हजार रुपये नकद पार कर गए। इस चोरी की भनक भी सुबह ही लग सकी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर और प्रभारी निरीक्षक चांदा अमित कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच पड़ताल शुरू की। दोनों परिवारों की ओर से कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई है। लगातार दो गांवों में हुई बड़ी चोरियों के बाद ग्रामीणों में दहशत है। वहीं लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि जब चोर पूरी रात इत्मीनान से अलमारी और बक्से खंगालते रहे, तब रात की गश्त आखिर किस रास्ते पर घूम रही थी। चौकी गारवपुर की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

