अग्रवाल युवा महिला मंडल ने किया “स्वस्थ बेटी, सशक्त भविष्य” कार्यक्रम का आयोजन
प्रयागराज 19 मई (आरएनएस ) अग्रवाल युवा महिला मंडल, प्रयागराज द्वारा समाज में बालिकाओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रयागराज में “स्वस्थ बेटी, सशक्त भविष्य” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा मासिक स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में मंडल की अध्यक्ष सारिका अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्मसम्मान एक बेहतर जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने छात्राओं को जागरूक रहने, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा जीवन में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक श्रीमती स्वाती अग्रवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मंडल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने एक प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंडल की कोषाध्यक्ष दीप्ति गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रियंका अग्रवाल एवं आकांक्षा अग्रवाल, सहमंत्री श्रुति अग्रवाल सहित अन्य सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं। श
अग्रवाल युवा महिला मंडल ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम मिश्रा के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि एक स्वस्थ एवं जागरूक बेटी ही एक सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती है। बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहना आवश्यक है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

