प्रयागराज 19 मई (आरएनएस ) पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि चुनावी चक्रवात में चारो ख़ाने चित पार्टियों के “चॉकलेटी चंडाल चौकड़ी की घासलेटी धमाचौकड़ी”, धाराप्रवाह धूर्ततापूर्ण धमाल के कमाल में जुटी है।
श्री नकवी ने कांग्रेस और सपा का नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा कि कभी लोकतंत्र पर सवाल तो कभी जनादेश पर बवाल की बकवास बहादुरी प्रतिस्पर्धा इन पार्टियों को राजनैतिक रण में रण बांकुरी की जगह रण छोड़ बहादुरी के रंगरूटों का रंगमंच बनाती जा रही है।
श्री नकवी ने आज यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दशकों की साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की सियासत को दरकिनार कर समावेशी सशक्तिकरण के दौर ने सत्तालोलुप छल छत्रपों की छावनी में छेद कर सशक्त सबक-संदेश दिया है कि साम्प्रदायिक छल नहीं, समावेशी बल देश की प्राथमिकता है। देश साम्प्रदायिक तुष्टीकरण वालों की खटिया खड़ी, बिस्तरा गोल कर रहा है। श्री नकवी ने कहा कि संवैधानिक संस्थानों की सामन्ती लिन्चिंग और लोकतांत्रिक मूल्यों, जनतांत्रिक जनादेश के खिलाफ दुराग्रह पूर्ण दुष्प्रचार में लगे हिट एन्ड रन के हुड़दंगी हिस्ट्रीशीटरों की खटा-खट हडबड़ी,फटा-फट गडबड़ी गच्चे पर गच्चा खा रही है। ऐसे ढपोरशंखों को जनतांत्रिक वोट को जनादेश में खोट बताने की सनक से बाहर आना होगा और आत्मचिंतन करना होगा कि जनता क्यों उनकी खुड़पैची सियासत, खुराफ़ाती विरासत बारम्बार नकार रही है।
श्री नकवी ने कहा कि वयोवृद्ध कांग्रेस निर्मित, निर्देशित ‘वोट चोरीÓ का हॉरर शो जनता के बीच टायं-टायं फिस्स हो रहा है। प्रजातंत्र को परिवार तंत्र का बंधक बनाने की सनक बिहार, पश्चिम बंगाल, असम के चुनाव में धराशाई हुई है, आगे उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी धूलधूसरित होगी। आज भाजपा और सहयोगी दलों का भारत की 78त्न आबादी और 22 राज्यों में सुशासन का ध्वज फहरा रहा है, जनता का जनादेश भाजपा के सुशासन के संकल्प और सनातन के सम्मान का परिणाम है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

