लखनऊ 19 मई (आरएनएस )। राजधानी के निगोहां क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे युवक के साथ मारपीट कर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई स्पलेन्डर मोटरसाइकिल के साथ घटना में प्रयुक्त होंडा लीवो बाइक भी बरामद की है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस के अनुसार, रायबरेली जनपद के थाना बछरावां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम एवं पोस्ट सेहगो पश्चिम निवासी अजीत सिंह ने 17 मई 2026 को थाना निगोहां में तहरीर देकर बताया कि वह मोहनलालगंज स्थित एलजी वेयरहाउस में कार्य करता है। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी स्पलेन्डर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। देर रात करीब 3:20 बजे जब वह निगोहां थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित दखिना टावर के पास पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी बाइक रुकवा ली। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए निगोहां थाने में तत्काल मुकदमा संख्या 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर रायबरेली जनपद तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर घटना में प्रयुक्त होंडा लीवो मोटरसाइकिल की पहचान की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश तेज की गई।पुलिस को सफलता उस समय मिली जब मुखबिर की सूचना पर 18 मई 2026 को निगोहां से नगराम जाने वाले मार्ग पर नहरिया के पास मीरकनगर जाने वाले रास्ते से हरिओम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी रायबरेली जनपद के थाना डीह क्षेत्र स्थित ग्राम पुरे लोकई का पुरवा का निवासी है और पेंटिंग का कार्य करता है। उसके कब्जे से वादी से लूटी गई स्पलेन्डर मोटरसाइकिल बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों लवकुश यादव और पंकज तिवारी के साथ गुडंबा क्षेत्र में किराये पर रहकर पेंटिंग का काम करता है। घटना वाले दिन तीनों एक ही होंडा लीवो मोटरसाइकिल से लखनऊ से रायबरेली जा रहे थे और रास्ते में किसी सुनसान स्थान पर लूट की वारदात करने की योजना पहले ही बना चुके थे। इसी दौरान स्पलेन्डर मोटरसाइकिल से जा रहे अजीत सिंह को देखकर उन्होंने उसका पीछा किया और करीब 500 मीटर आगे हाईवे किनारे टावर के पास मारपीट कर उसकी बाइक, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।गिरफ्तार आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि लूटी गई मोटरसाइकिल का इस्तेमाल आगे अन्य लूट की घटनाओं में करने की योजना थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपियों लवकुश यादव और पंकज तिवारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

