लखनऊ 19 मई (आरएनएस )। राजधानी के सुषांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में जंगल में मिली 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पूर्व पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती की दूसरे युवक से बढ़ती नजदीकियों से नाराज होकर पहले गला घोंटा और फिर ईंट से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।पुलिस के मुताबिक, 18 मई 2026 को थाना सुषांत गोल्फ सिटी पुलिस को सूचना मिली थी कि आवास विकास योजना उतरेटिया रेलवे लाइन के निकट जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के सिर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया सिर कूचकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई।जांच के दौरान शव की पहचान पीजीआई थाना क्षेत्र के रक्षाखंड एल्डिको उद्यान-2 निवासी 22 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, शिवानी 17 मई की सुबह करीब 10 बजे काम के सिलसिले में घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। मृतका की मां गीता की तहरीर पर थाना सुषांत गोल्फ सिटी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में थाना सुषांत गोल्फ सिटी की चार पुलिस टीमों के साथ सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मृतका के पूर्व मित्र प्रेम कुमार मांझी का नाम प्रकाश में आया, जिसे सेक्टर-8 अंडरपास शहीद पथ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी प्रेम कुमार मांझी ने बताया कि वह पिछले सात-आठ वर्षों से शिवानी के संपर्क में था। बीते छह महीनों से शिवानी अपने कार्यस्थल के एक युवक के साथ अधिक समय बिताने लगी थी, जिसे लेकर वह नाराज था। आरोपी ने शिवानी के मोबाइल फोन में उस युवक के साथ कुछ तस्वीरें भी देखी थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि शिवानी की हाल में हुई सगाई से उसे आपत्ति नहीं थी, लेकिन दूसरे युवक के साथ उसकी नजदीकियां उसे स्वीकार नहीं थीं।पुलिस के अनुसार, 17 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी शिवानी को अपनी मोटरसाइकिल से उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां उसने पानी की लेबलिंग में इस्तेमाल होने वाले रबर पाइप से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को सड़क किनारे झाडिय़ों में ले जाकर पास पड़ी ईंट से सिर पर हमला कर हत्या सुनिश्चित की। वारदात के बाद आरोपी ने शिवानी का मोबाइल फोन तेलीबाग नहर में फेंक दिया, जिससे साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली है। मामले में साक्ष्य मिटाने से संबंधित धारा भी बढ़ाई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

